ग्रेटर नोएडा के डेयरी स्कनर गांव की रहने वाली अमेरिकी छात्रा सुदीक्षा भाटी की मौत के मामले में बुलंदशहर पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने उस बुलेट को भी जब्त किया है, जिससे टकराने के बाद सुदीक्षा रोड पर गिरी थी और उसकी मौत हो गई थी। हालांकि, आरोपियों ने सुदीक्षा के साथ छेड़खानी करने वाली बात से इंकार किया है। बताया कि एक ट्रक की वजह से ये हादसा हुआ है।
10 अगस्त को हुई थी सुदीक्षा की मौत
ग्रेटर नोएडा के दादारी थाना क्षेत्र के डेयरी स्कनर गांव की रहने वाली सुदीक्षा बीते 10 अगस्त को अपने चचेरे भाई निगम भाटी के साथ बुलंदशहर में अपने ननिहाल जा रही थी। लेकिन औरंगाबााद थाना क्षेत्र में अचानक सामने आए बुलेट सवार के ब्रेक लगाने से निगम बाइक पर संतुलन खो बैठा था। सुदीक्षा की इस हादसे में मौत हो गई थी। मृतक के पिता जितेंद्र ने आरोप लगाया था कि, बुलेट सवार दो युवक सुदीक्षा के साथ छेड़खानी कर रहे थे। हालांकि तहरीर में इस बात का जिक्र नहीं था।
जांच के लिए बनी थी पांच टीमें, 10 हजार से अधिक बुलेट को खंगाला गया
इस प्रकरण की जांच के लिए बुलंदशहर पुलिस ने पांच टीम गठित की थी। इसके अलावा एसआईटी भी बनी थी। 5 दिन पुलिस ने जिले व आसपास की 10 हजार 700 बुलेट मोटर साइकिल खंगालकर आरोपियों की शिनाख्त की है। पुलिस ने आरोपियों पर 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
सरकार की स्कॉलरशिप पर अमेरिका में कर रही थी पढ़ाई
सुदीक्षा ग्रेटर नोएडा के दादारी थाना क्षेत्र में डेरी स्कनर गांव की रहने वाली थी। पिता जितेंद्र भाटी चाय बेचकर परिवार का गुजारा करते हैं। बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद सुदीक्षा ने अपनी मेहनत के बलबूते भारत सरकार से स्कॉलरशिप हासिल की थी। वह अमेरिका के बॉबसन कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट का कोर्स कर रही थी। उसे एचसीएल की तरफ से 3.80 करोड़ की स्कॉलरशिप मिली थी। सुदीक्षा जून में भारत लौटी थी और उसे 20 अगस्त को अमेरिका लौटना था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kRXAly
via IFTTT

0 Comments