उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बुधवार को एक तेज रफ्तार स्कार्पियों अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। जिससे दो लोगों की मौत हो गई, जो आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
लुधियाना जाने वाले थे लोग
घटना जिले के नसीराबाद सतपेड़ा गांव की है। पुलिस के अनुसार, स्कार्पियो में जायस क्षेत्र की 11 सवारियां बैठी थी। जिन्हें ड्राइवर लेकर लुधियाना जाने वाली बस में बैठाने के लिए परसदेपुर जा रहा था। लेकिन सतपेड़ा गांव के पास नहर की पुलिया से टकराकर स्कॉर्पियो नहर में जा गिरी।
पांच जिला अस्पताल रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सवारियों को नहर से बाहर निकाला। लेकिन दो की मौत हो गयी थी। जिनकी शिनाख्त राजाराम (40) और विनोद कुमार (35) के रुप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई और पूरे सधऊ मजरे कोलवा के निवासी हैं। अन्य 9 लोगों को घायल अवस्था में स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया। मामूली चोट वालों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। जबकि गंभीर रुप से घायल 5 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31YVd7S
via IFTTT

0 Comments