अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर राम मंदिर के भूमि पूजन को लोगों में उत्साह है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत भी आ रहे हैं। पूरे नगर को भगवा ध्वज की पताकाओं से सजाने का काम शुरू हो गया है। वहीं, रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर भूमि पूजन के लिए नगर के विभिन्न पौराणिक महत्व वाले जलाशयों से जल संग्रह कर मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र को सौंपा है।
संघ के नगर कार्यवाह अमित शंकर ने बताया कि सबसे पहले अयोध्या महानगर के संघचालक डॉ. विक्रमा पांडे के नेतृत्व में भगवान श्री राम की कुलदेवी देव काली माता के जलाशय से जल संग्रह किया गया। इसके बाद 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर जनौरा स्थित गिरजा कुंड से और लक्ष्मी सागर से जल संग्रह किया गया। इस बीच स्वयंसेवकों का उत्साह देखने लायक था। जय श्री राम के उद्घोष के साथ स्वयंसेवकों ने राम मंदिर के प्रति श्रद्धा और भक्ति को व्यक्त किया।
हर परिवार को 5 दीपक जलाएगा, मठ मंदिरों में होगा अखंड रामायण पाठ
4 अगस्त को अयोध्या राम मंदिर भूमि पूजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत का आगमन हो रहा है। 4 और 5 अगस्त को प्रत्येक परिवारों में 5-5 दीपक जलाने का संकल्प लिया गया है। नगर के विभिन्न मठ मंदिरों में सुंदरकांड और अखंड रामायण का पाठ किया जाएगा। इसके लिए नगर के स्वयंसेवकों को जिम्मेदारियां दे दी गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30kmkL9
via IFTTT

0 Comments