समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को गाजियाबाद हादसे के बहाने योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि BJP के नेताओं का श्मशान से पुराना नाता रहा है। गाजियाबाद में बालू से लेंटर बना दिया गया। लोगों की मौत के लिए सरकार जिम्मेदार है। इससे पहले बनारस में भी बड़ी घटना हुई थी। जिसमें भी सपा ने 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की थी। दो लाख रुपए में क्या होता है? सरकार को कम से कम 50 लाख की मदद करनी चाहिए।
कोरोना वैक्सीन न लगवाने के बयान पर दी सफाई
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2 दिन पहले वैक्सीन को लेकर दिए बयान पर सफाई दी। कहा कि मेरी पूरी बात को नहीं रखा गया। मैंने भारतीय साइंटिस्ट और वैक्सीन बनाने वालों पर कोई कमेंट नहीं किया। सबका सम्मान है। सबकी मेहनत को सलाम है। BJP के फैसलों पर जनता को विश्वास नहीं है।
आजमगढ़ के गन्ना किसानों का भुगतान नहीं
अखिलेश यादव ने कहा कि आजमगढ़ के गन्ना किसानों को इसलिए भुगतान नहीं हो रहा है, क्योंकि वहां का मैं सांसद हूं। मौजूदा समय में 10 हजार करोड रुपए का गन्ने का भुगतान बकाया है। उन्होंने कहा कि व्यापारी संगठनों का लॉकडाउन के दौरान बहुत बड़ा नुकसान हुआ लेकिन योगी सरकार ने कोई भी मदद नहीं की। लॉकडाउन के समय में बिजली का बिल देना पड़ा। व्यापारियों को पूरी सुरक्षा की जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो दी जाएगी।
कन्नौज में परफ्यूम पार्क का प्रोजेक्ट बंद किया
अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज का इतिहास है। मैं फ्रांस गया था। वहां के लोगों से मिला। तय किया था कि कन्नौज में परफ्यूम पार्क बनाऊंगा। लेकिन भाजपा सरकार ने इस प्रोजेक्ट को बंद कर दिया। सरकार भूल गई कि ये काम किसान का था, सपा का नहीं था। किसानों पर आंसू गैस के गोले फेंके जा रहे हैं। फिर भी योगी सरकार कहती है कि हम किसान के साथ है।
गरीबों को कोरोना वैक्सीन फ्री में मिले, सरकार बताए कि क्या प्लान है?
अखिलेश यादव ने कहा कि नौकरी देने का दावा करने वाली योगी सरकार लोगों को आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर रही है। अब कोरोना की वैक्सीन के लिए भी दाम अदा करने की बात चल रही है। मैं चाहता हूं कि सरकार गरीबों को फ्री में वैक्सीन दे। इसका सरकार वादा करें और सरकार कैसे वैक्सीन लगाएगी इसका पूरा प्लान भी बताएं। हम तो कहते हैं सबसे पहले मीडियाकर्मियों को लगे। उन्होंने फ्रंट लाइन में काम किया है।
किसी भी बड़े राजनीतिक दल से गठबंधन नहीं किया जाएगा
अखिलेश यादव ने एक बार दोहराया कि समाजवादी पार्टी की सरकार किसी भी बड़े राजनीतिक संगठन से गठबंधन नहीं करेगी। कहा कि सपा के साथ जो सहयोगी छोटे दल थे, उन्हीं के साथ वह 2022 का चुनाव लड़ेगी। अन्य छोटे राजनीतिक दल उनसे जुड़ना चाहेंगे, उस पर विचार किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3pLSuch
via IFTTT

0 Comments